बात से मन हल्‍का होता है

Showing posts with label भाजपा. Show all posts
Showing posts with label भाजपा. Show all posts

Friday, July 24, 2015

राजनीति की भेंट चढ़ा मानसून सत्र

संसद में मानसून सत्र शुरू हो गया है। उम्मीद की जानी चाहिए थी कि देश की आम अवाम के लिए इस सत्र में कुछ चर्चा होगी। अरबों रुपए खर्च करके देश की जनता ने जिन सांसदों को संसद में भेजा है, वो उसी गरीब और आम आदमी के बारे में कुछ सोचेगी। इसके विपरीत देश की संसद में सिर्फ और सिर्फ राजनीति हो रही है। जब कांग्रेस सत्ता में थी तो भाजपा हर बार कोई न कोई बहाना ढूंढकर कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश करती, संसद को बाधित करती ताकि कोई अच्छा काम नहीं हो सके, कोई बुरे काम पर रोक नहीं लग सके। आज सिक्के का दूसरा पहलू सामने आ गया है। जब सत्ता में भाजपा है और विपक्ष में कांग्रेस। हालात अब भी वैसे ही है, जैसे पहले थे। आज कांग्रेस नहीं चाहती कि किसी तरह का कोई काम संसद में हो। हर हाल में कांग्रेस यह चाहती है कि संसद ठप रहे, कोई भी चर्चा नहीं हो, भूमि विधेयक बिल पारित नहीं हो सके, हंगामा इतना बरपे कि लोकसभा और राज्यसभा दोनों के अध्यक्ष के पास बहस स्थगित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं हो। कांग्रेस अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में अब तक सफल रही है, सफलता का एक पैमाना यह भी है कि सत्ता पक्ष स्वयं कांग्रेस के खिलाफ संसद के बाहर धरने पर बैठने को मजबूर हो गया है।
क्या इस देश ने इसी हालात के लिए सांसदों को चुनकर संसद में भेजा है कि वो वहां पर किसी मुद्दे पर चर्चा करने के बजाय सिर्फ हो हल्ला करें। इसमें कोई शक नहीं है कि नरेंद्र मोदी इस पूरे मामले में मौन रहे हैं। आखिर क्या कारण है कि मन मोहन सिंह की चुप्पी को पूरे चुनाव अभियान में हथियार के रूप में उपयोग करने वाले स्वयं भी मौनेंद्र कुमार हो गए हैं। आखिर क्या कारण है कि वो मीडिया के छह सवालों पर छह बार गर्दन घुमाते हैं और फिर आगे निकल जाते हैं। आखिर क्या कारण है कि दुनियाभर में स्वयं को शक्तिशाली और दबंग प्रधानमंत्री साबित करने की कोशिश में जुटा हमारा नेता आज चुप होकर बैठ गया है। देश की जनता ने नरेंद्र मोदी में एक शेर देखा था, जो हर वक्त दहाड़ सकता है। 'न खाऊंगा, न खाने दूंगाÓ जैसा बयान उनकी दहाड़ ही थी, लेकिन आज वो शेर के बजाय मौन हो गए हैं। मोदी को सुषमा स्वराज, वसुंधरा राजे और शिवराज सिंह चौहान के मुद्दे पर अपनी बात कहनी चाहिए। उन्हें यह विश्वास होना चाहिए कि देश की आधी से अधिक जनता उनके बयान को ही सच मान लेगी। अगर वो कहेंगे कि तीनों सही थे तो उनके अंधभक्त मान लेंगे कि वो सही है। लेकिन अगर चुप रहेंगे तो उनके अंध भक्तों को भी जवाब देना मुश्किल हो रहा है। निश्चित रूप से मोदी और उनकी टीम इस मामले में बेकफुट पर है। यह भी सच है कि कांग्रेस इस पूरे मामले में दोषी है। कांग्रेस को सुषमा,वसुंधरा और शिवराज के नाम पर भाजपा को घेरने के लिए मानसून सत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए था। इसके लिए वो सड़क पर आंदोलन कर सकती है, अदालत में जा सकती है। पचास तरीके हैं। देश के लिए सबसे कीमती मानसून सत्र को राजनीति की भेंट चढ़ाकर कांग्रेस ने आखिर किस राजधर्म का पालन किया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों को राजनीति के बजाय राजधर्म पर ध्यान देना चाहिए।

Wednesday, May 19, 2010

झारखण्‍ड में राजन‍ीति खण्‍ड खण्‍ड



भारतीय जनता पार्टी और झारखण्‍ड मुक्ति मोर्चा के बीच आखिरकार समझौता हो गया। राजनीति की बदनीति आखिरकार फिर सामने आ गई कि हम राजनीति नहीं बल्कि राज के लिए नीतियों का कचूमर निकाल रहे हैं। भाजपा शायद मायावती के साथ हुए उस समझौते को भूल गई है जिसमें मायावती ने अपने हिस्‍से का शासन करके ठेंगा दिखा दिया था। इस देश की अनुशासित पार्टी होने का दावा करने वाली भाजपा आखिर क्‍यों झारखण्‍ड मुक्ति मोर्चा की बातों में आ गई। जिस शिबू सोरेन को पद से हटवाने के लिए भाजपा के वरिष्‍ठ नेता ताल ठोककर बैठ गए थे, उसी शिबू सोरेन के लिए भाजपा ने कांग्रेस को न जाने कितनी खरी खोटी सुनाई लेकिन उसी के साथ बैठकर साबित कर दिया कि राज के लिए किसी भी नीति का उपभोग किया जा सकता है। भाजपा के अर्जुन मुण्‍डा एक बार फिर मुख्‍यमंत्री तो बन जाएंगे लेकिन क्‍या 28 महीने में वो प्रदेश की तस्‍वीर को बदल सकेंगे। राजनीति पार्टियां तो अपनी नीति के लिए पहचानी जाती है। फिर भाजपा ने तो हमेशा नीति आधारित राजनीति की बात की है। ऐसे में बार बार पार्टी अपना विश्‍वास क्‍यों खो देती है। क्‍या मजबूरी है कि भाजपा को झामुमो की हर शर्त को मानकर सत्‍ता में आना पड रहा है। क्‍या कारण है कि जनता के सामने जाने के बजाय राजनीति का गडबडझाला पेश किया गया। भाजपा जैसी पार्टियां ही जब एक राज्‍य की सत्‍ता पर काबिज होने के लिए द्वंद्व फंद का इस्‍तेमाल करने लगेगी तो फिर दूसरी पार्टियों से क्‍या उम्‍मीद की जाएगी।

अटल बिहारी वाजपेयी, लालक़ण्‍ण आडवाणी और भैरोसिंह शेखावत जैसे कद़दावर नेताओं ने जिस पार्टी को नई पहचान दी, प्रमोद महाजन ने जिस पार्टी को सींचा, उस पार्टी को आज अपने अस्तित्‍व को बचाए रखने के लिए इस तरह की सत्‍ता नीति अपनाना कहां तक जायज है। 25 मई को त्‍यागपत्र दे रहे शिबू सोरेन और तीसरी बार राज्‍य के मुख्‍यमंत्री बन रहे अर्जुन मुंडा में आखिर क्‍या अंतर रह जाएगा। कई बार लगता है कि देश के छोटे  राज्‍यों में राजनीति के लिए जो द्वंद्व फंद हो रहे हैं वो बड़े राज्‍यों के लिए खतरे की घंटी है। जिस तरह की राजनीति झारखण्‍ड में चल रही है वो देश के लिए चिंता का विषय है। सब सत्‍ता के लिए लड रहे हैं। अब अपनी रेलमंत्री को ही लें। दिल्‍ली में भगदड से स्‍टेशन पर यात्रियों की मौत हो गई लेकिन ममता बनर्जी रेल प्रबंधन की जिम्‍मेदारी मानने के बजाय आम जनता को ही सीख दे रही हैं कि उन्‍हें अनुशासन में रहना चाहिए। रेल प्रबंधन ने एक मिनट पहले स्‍टेशन पर प्‍लेटफार्म बदला यह नहीं सोचा। दरअसल देश की रेल मंत्री इन दिनों पार्षदों के चुनाव में व्‍यस्‍त है। जितने वोटर कोलकाता के निकाय चुनाव में हिस्‍सा लेंगे, उससे कई गुना या‍त्री तो रेल में हर रोज यात्रा करते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि वो यात्री कोलकाता के नहीं है। अपनी राजनीति के लिए एक तरफ भाजपा पूरी नीति को दाव पर रख रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस की पैदावार ममता बनर्जी अपनी राजनीति के लिए पूरे मंत्रालय को भूल बैठी है।

Saturday, August 29, 2009

बीजेपी यानि भारतीय ''झगड़ा'' पार्टी


वक्‍त गुजारने का भी अपना एक अंदाज होता है। कोई गीत गाकर, कोई टहल कर, कोई सिगरेट पीकर, कोई नींद लेकर, कोई किताब पढ़कर, कोई हंसी मजाक करके और कोई कोई तो झगड़ा करके वक्‍त गुजारता है। यहां दिए सभी उदाहरणों से आप सहमत होंगे लेकिन एक 'झगड़े' वाले से नहीं। अगर आप भारतीय जनता पार्टी की वर्तमान हालत पर नजर डालेंगे तो यह भी सच ही प्रतीत होगा। बीजेपी का अर्थ इन दिनों भारतीय 'जनता' पार्टी नहीं है बल्कि भारतीय 'झगड़ा' पार्टी हो रहा है। पिछले दिनों राजस्‍थान में वसुंधरा राजे को प्रतिपक्ष नेता हटाने की कवायद के साथ साबित हो गया था कि पार्टी अब बड़े संघर्ष के लिए तैयार हो रही है। जिस वसुंधरा राजे ने भाजपा को पहली बार प्रदेश में स्‍पष्‍ट बहुमत दिलाया और आज मुख्‍यमंत्री नहीं होते हुए भी आम राजस्‍थानी में लोकप्रिय है, उसी वसुंधरा को उखाड़ने की कवायद शुरू की गई। मामला दिल्‍ली पहुंचा तो पता चला कि वहां राष्‍टीय अध्‍यक्ष स्‍वयं विवादों में उलझे हुए हैं। एक दो दिन बाद वसुंधरा के विरोधी माने जाने वाले जसवंत सिंह ही चलते बने। जिन्‍ना पुराण उन्‍हें ले डूबा। अभी जसवंत का मामला निपटा ही नहीं कि राष्‍टीय स्‍वयंसेवक संघ ने नई बहस छेड़ दी। यह बहस भाजपा के शीर्ष के साथ जड़ तक को हिलाने वाली है। इस बार अटल बिहारी वाजपेयी के बाद भाजपा के दूसरे मुखौटे लालकृष्‍ण आडवाणी को ही चलता करने की रणनीति सामने आई। आडवाणी को प्रतिपक्ष नेता पद से हटाने की कवायद शुरू हो गई। राष्‍टीय स्‍वयंसेवक संघ के सरसंघचालक ने आडवाणी को सलाह दी या आदेश यह तो पार्टी की नीति रीति के निर्माता ही बता सकते हैं लेकिन हकीकत सिर्फ इतनी है कि भाजपा बहुत ही बुरी स्थिति में पहुंच गई है। एक वर्ग तो राजनाथ सिंह को ही अलविदा करने की तैयारी में जुटा है। क्‍या भाजपा के सारे ''बटन'' बदल जाएंगे। वैसे भी नए स्‍वरूप में आना बहुत आसान नहीं होता। अगर पार्टी अपने स्‍वरूप में ही परिवर्तन लाने के दौर से गुजर रही है तो अगले लोकसभा चुनाव तक बहुत कुछ सुधर सकता है और अगर यह पार्टी के वरिष्‍ठ नेताओं की आपसी खींचतान है तो अगले चुनाव तक भाजपा भी जनता दल की तरह दल दल तक पहुंच जाएगी। वर्तमान में पार्टी जड़ से शीर्ष तक अस्‍त व्‍यस्‍त है, ऐसे में अभी टुकड़े हुए तो कोई संभालने वाला नहीं मिलेगा। अवसर भी नहीं रहेगा। कभी अरूण शोरी तो कभी खडूरी जैसे नेता पार्टी को खूंटी पर टांग देते हैं।
इस दौर में राजस्‍थान की पूर्व मुख्‍यमंत्री वसुंधरा राजे ने हालांकि पार्टी बनाने की अटकलों पर यह कहते हुए विराम लगा दिया कि भाजपा उनकी मां की तरह है। अगर राजे नई पार्टी बना लेती तो निश्चित रूप से राजस्‍थान में भाजपा तीसरे नम्‍बर पर लुढ़क जाती। आज भी वसुंधरा आम आदमी के दिलों दिमाग पर छाई हुई है। राजस्‍थान में संभाग मुख्‍यालयों पर चार घंटे बिजली कटौती हो रही है, लाइट गुल होते ही आम आदमी एक ही बात कहता है ''फेर दो कोंग्रेस ने बोट'। कर्मचारी आज भी वसुंधरा के कायल है। भाजपा के अस्‍सी फीसदी विधायक उनके साथ है, ऐसे में उन्‍हें ही प्रतिपक्ष नेता से हटाना हजम नहीं हो रहा। इस मामले में केंद्र पर गंभीरता से चिंतन हो रहा था लेकिन अब स्‍वयं उनकी जमीन हिल गई तो कोई राजे के बारे में क्‍या सोचे? वैसे मामला सिर्फ केंद्र और राज्‍य स्‍तर तक ही सीमित नहीं है कोई गंभीरता से चिंतन करें तो आम कार्यकर्ता तक असंतुष्‍ट है।
आडवाणी कार्टून - बीबीसी से साभार